राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में बीते कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। गुरुवार को भी कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग की मानें तो रांची सहित आसपास के जिलों में 1 अक्तूबर तक बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। साथ ही, 29 और 30 सितंबर तथा 1 अक्तूबर को मेघ गर्जन और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश भी हो सकती है। इस वजह से दुर्गा पूजा की तैयारियों पर मौसम का असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय हुआ है। हालांकि इसका मुख्य प्रभाव दक्षिण ओड़िशा और उत्तरी आंध्रप्रदेश की ओर है, लेकिन झारखंड भी इससे अछूता नहीं रहेगा। इसके कारण राज्य के कई जिलों में दोपहर बाद वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने की आशंका है। विशेषकर जमशेदपुर, चाईबासा, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा जैसे इलाकों में मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में दोपहर बाद मौसम करवट ले सकता है। हल्की से मध्यम बारिश की स्थिति बनी रहेगी, लेकिन फिलहाल झारखंड में भीषण बारिश का कोई खतरा नहीं है। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश मेदिनीनगर में दर्ज की गई, जहां 14.2 मिमी वर्षा हुई। इसके अलावा अन्य जिलों में कहीं हल्की तो कहीं सामान्य बारिश देखी गई।
त्योहारों के मौसम में इस तरह की बरसात लोगों की दिनचर्या और पूजा-पंडालों की रौनक पर असर डाल सकती है। रांची समेत अन्य जिलों में पंडालों की सजावट और बाजारों में खरीदारों की भीड़ पर भी बारिश का प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में प्रशासन और स्थानीय समितियों को बरसात को देखते हुए विशेष इंतजाम करने की जरूरत है। मौसम विभाग की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।












