बॉलीवुड और साउथ फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस हंसिका मोटवानी इन दिनों अपनी शादी को लेकर चर्चा में हैं। खबर है कि शादी के तीन साल बाद हंसिका और उनके पति सोहेल कथूरिया अलग होने वाले हैं। लंबे समय से हंसिका अपनी मां के साथ अपने फ्लैट में रह रही हैं और सोशल मीडिया पर भी पति के साथ कोई तस्वीर साझा नहीं कर रही हैं, जिससे तलाक की अटकलें तेज हो गई हैं। हंसिका और सोहेल ने दिसंबर 2022 में जयपुर में एक भव्य शादी की थी, जो अपने आप में काफी चर्चा का विषय बनी थी।
हंसिका और सोहेल की शादी ने उस समय खूब सुर्खियां बटोरीं क्योंकि यह शादी किसी आम शादी से अलग थी। हंसिका ने अपनी शादी को एक रियलिटी शो ‘लव शादी ड्रामा’ के रूप में पेश किया था, जो डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर स्ट्रीम हुआ था। इस अनोखे कदम के कारण उन्हें आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने इसे अपनी जिंदगी का एक अलग अनुभव बताया। शादी की भव्यता और शोहरत ने इस कपल की जिंदगी को एक नई पहचान दी, लेकिन अब ऐसा लगता है कि ये शादी टूटने के कगार पर है।
लेकिन इस शादी की एक और खासियत रही कि हंसिका ने अपने दोस्त रिंकी बजाज के एक्स-हसबैंड सोहेल से शादी की है। सोहेल की पहली शादी 2016 में रिंकी से हुई थी, जो हंसिका की करीबी दोस्त भी थीं। रिपोर्ट्स के अनुसार, हंसिका पर दोस्त की शादी तोड़ने का आरोप भी लगा था, क्योंकि उन्होंने सीधे अपने दोस्त के पूर्व पति से सात फेरे लिए। इस वजह से हंसिका पर खूब आलोचना भी हुई, लेकिन उन्होंने अपनी निजी जिंदगी को खुले तौर पर जीने का फैसला किया।
अब जहां शादी के तीन साल बाद तलाक की चर्चाएं तेज हो रही हैं, वहीं हंसिका और सोहेल ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है। दोनों की इस दूरी और सोशल मीडिया पर दूरी ने सवाल खड़े कर दिए हैं। हंसिका के फैंस और मीडिया दोनों इस रिश्ते के भविष्य पर निगाह बनाए हुए हैं।












