बॉलीवुड के सिंघम अजय देवगन एक बार फिर ‘सन ऑफ सरदार 2’ के जरिए दर्शकों को हंसाने और बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने लौटे हैं। 1 अगस्त को रिलीज हुई यह फिल्म शुरुआती तीन दिनों में लोगों की पसंद बनती नजर आ रही है। जहां अजय इस बार गंभीर किरदारों की जगह पुराने मस्तीभरे अवतार में दिखे, वहीं फिल्म ने भी पहले तीन दिनों में अच्छी पकड़ बनाई है।
सैक्निल्क की रिपोर्ट के अनुसार फिल्म ने ओपनिंग डे पर 7.25 करोड़, दूसरे दिन 8.25 करोड़ और तीसरे दिन शाम 5:05 बजे तक 5.22 करोड़ की कमाई की, जिससे कुल तीन दिन का आंकड़ा 20.77 करोड़ पर पहुंच चुका है। यह कमाई ‘महावतार नरसिम्हा’ की तरह हर दिन बेहतर होती दिख रही है, जिसने भी शुरुआती दिनों में धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ी थी।
यह ट्रेंड इशारा करता है कि फिल्म को दर्शकों से वर्ड ऑफ माउथ का फायदा मिल रहा है, हालांकि इसकी असली परीक्षा सोमवार को होगी जब फिल्म छुट्टियों से बाहर आकर वीकडे टेस्ट फेस करेगी। अगर ग्राफ ऊपर बना रहा तो ये अजय देवगन के लिए एक और बड़ी हिट साबित हो सकती है।
फिल्म में अजय के साथ मृणाल ठाकुर, संजय मिश्रा, विंदु दारा सिंह, चंकी पांडे और कुब्रा सैत जैसे कलाकारों की मौजूदगी ने फिल्म को और मजबूत बनाया है। वर्ल्डवाइड स्तर पर भी फिल्म ने दो दिनों में 22.60 करोड़ की कमाई कर ली है, जो इसके लिए एक सकारात्मक संकेत है।












