गिरिडीह शहर में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया, जब एक अनियंत्रित नेक्सा चार पहिया वाहन अचानक कालीबाड़ी चौक के पास बिजली पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली का पोल पूरी तरह टूटकर गिर पड़ा और आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। हालांकि हादसे में कोई बड़ा जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन वाहन में सवार पांच लोगों को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह वाहन पटना से जमशेदपुर (टाटा) जा रहा था और उसमें कुल पांच लोग सवार थे। गिरिडीह के कालीबाड़ी रोड होते हुए वाहन गुजर रहा था कि अचानक चालक का नियंत्रण गाड़ी से हट गया और वाहन सीधे कालीबाड़ी चौक के पास स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के सामने एक बिजली पोल से जा टकराया। गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे टक्कर के बाद पोल गिर पड़ा और आसपास अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत स्थिति को संभाला। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भिजवाया गया। वाहन में लगे एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया और यात्रियों की जान बच गई।
इस दुर्घटना के चलते कालीबाड़ी रोड और उसके आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर पोल को बदलने और आपूर्ति बहाल करने की कोशिश में जुटी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वाहन चालक नशे में था या नहीं। हादसे ने एक बार फिर शहर की सड़कों पर तेज गति से वाहन चलाने के खतरों की ओर ध्यान खींचा है।












