शनिवार को सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल में अनुभवात्मक शिक्षा की अवधारणा पर आधारित सामाजिक विज्ञान, गणित और अंग्रेजी विषयों की मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 3 से 10 तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई, जिसमें मुख्य अतिथि स्कॉलर बीएड कॉलेज की एचओडी हरदीप कौर, विद्यालय की निर्देशक रमनप्रीत कौर, प्राचार्या ममता शर्मा, उप प्राचार्य सूरज कुमार लाला और सीनियर एडमिन्स्ट्रेटर रूपा मुद्रा मौजूद रहीं।

छात्रों ने सिंधु घाटी सभ्यता, गंगा एक्शन प्लान, प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय, भूगर्भीय संरचना जैसी ऐतिहासिक और सामाजिक विषयों पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। गणित श्रेणी में ज्यामितीय आकृतियाँ, त्रिकोणमिति पार्क, पायथागोरस प्रमेय आदि को सुंदरता से दर्शाया गया। वहीं अंग्रेजी प्रदर्शनी में प्रपोजिशन, एडजेक्टिव, डेटर्मिनर्स जैसे व्याकरणिक पहलुओं को रोचक मॉडलों के माध्यम से समझाया गया। कुल 85 मॉडल्स प्रदर्शित हुए, जिन्हें मुख्य अतिथि ने रचनात्मकता के आधार पर अंक दिए।

विद्यालय के प्रबंध निदेशक जोरावर सिंह सलूजा ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना की और उन्हें प्रोत्साहित किया। मंच संचालन चंद्रमल्लिका घोष ने किया।












