सरिया में बिजली आपूर्ति की बदहाल व्यवस्था को लेकर शनिवार को विद्युत संघर्ष समिति सरिया ने अनुमंडल पदाधिकारी बगोदर-सरिया के नाम ज्ञापन सौंपा और पावर सबस्टेशन पहुंचकर विद्युत सहायक अभियंता राकेश कुमार से भी मुलाकात की। समिति अध्यक्ष विशाल गंभीर और सचिव जिम्मी चौरसिया ने तीन सूत्री मांगों को रखा, जिसमें 20 से 22 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति बहाल करना, सरिया बाजार में अनुभवी मिस्त्री राजेश रवानी या मंगल सिंह की नियुक्ति और बाजार के लिए अलग फीडर की व्यवस्था शामिल है।

समिति ने चेतावनी दी है कि तीन दिनों में कार्रवाई नहीं हुई तो रांची-दुमका मुख्य मार्ग को अनिश्चितकालीन जाम किया जाएगा और सरिया सब स्टेशन से जुड़ी सभी फीडर लाइनें बंद की जाएंगी। सहायक अभियंता राकेश कुमार ने समिति की मांगों को गंभीरता से लेते हुए तुरंत मंगल सिंह उर्फ रिंकू सिंह को मिस्त्री नियुक्त किया और बताया कि अलग फीडर के लिए प्रस्ताव भेजा जा रहा है, स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू होगा। मौके पर विशाल गंभीर, जिम्मी चौरसिया, विक्की जैन, विनोद मंडल, संजय मोदी, आशु सलूजा, सौरभ सामंतों, राहुल गंभीर समेत कई लोग मौजूद थे।












