Aba News

शादी में गया था परिवार, चोरों ने कर दिया पूरा घर साफ: चार लाख नगद और आठ लाख के जेवरात चोरी

गिरिडीह के वार्ड नंबर 28 न्यू कॉलोनी झरियागादी में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। घटना उस समय हुई जब घर के मालिक सुरेश प्रसाद अपने पूरे परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांवा थाना क्षेत्र के मालडा गांव गए हुए थे। इस मौके का फायदा उठाते हुए चोरों ने उनके बंद घर को निशाना बनाया और घर में रखे चार लाख रुपये नगद और करीब आठ लाख रुपये मूल्य के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

शनिवार सुबह जब सुरेश प्रसाद और उनका परिवार शादी समारोह से लौटकर घर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि उनके घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ था। घर के अंदर घुसते ही पूरा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी पूरी तरह से टूटी हुई थी। यह नजारा देखकर परिवार के सभी सदस्य सन्न रह गए। उन्होंने तुरंत अपने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी और फिर नगर थाना पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गई है।

भुक्तभोगी सुरेश प्रसाद ने बताया कि वे लोग 9 मई को मालडा गांव में अपने एक करीबी रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गए थे। सुबह करीब 8:30 बजे जब वे घर लौटे तो उन्होंने सबसे पहले घर का ताला टूटा हुआ पाया। घर में घुसने के बाद जब उन्होंने जांच की तो पाया कि अलमारी से नगदी और जेवरात दोनों गायब हैं। उन्होंने बताया कि घर से करीब चार लाख रुपये नगद और आठ लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी हो गए हैं। इस घटना ने उनके परिवार को मानसिक और आर्थिक रूप से झकझोर कर रख दिया है।

सुरेश प्रसाद ने नगर थाना पुलिस से अपील की है कि इस मामले की गंभीरता से जांच की जाए और जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर उनके द्वारा चोरी किया गया सामान बरामद किया जाए। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है। क्षेत्र के लोगों ने भी प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें