गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत डाकबंगला के पास आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब मधुपुर एनएच मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो सड़क पर पलट गई और उसमें सवार सात से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल मधुपुर के रहने वाले हैं और रांची में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे।

घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को स्कॉर्पियो से बाहर निकाला गया। जेसीबी मशीन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाया गया और सभी घायलों को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल एवं नवजीवन हॉस्पिटल भेजा गया। घायलों में मो. मोईन, मो. गुड्डू, फरजाना परवीन, गौस रज़ा और शाहिदा खातून शामिल हैं, जिनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।













