गिरिडीह जिले के तिसरी में बालू माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे प्रशासन से भी नहीं डर रहे। अंचलाधिकारी अखिलेश प्रसाद के वाहन को बालू लदे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी और चालक इंजन लेकर फरार हो गया। यह घटना दिखाती है कि कैसे अवैध बालू खनन खुलेआम जारी है, जहां आम लोगों को बालू के लिए संघर्ष करना पड़ता है, वहीं माफिया बिना रोक-टोक सरकारी कामों में इसका उपयोग कर रहे हैं।
घटना के बाद ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया, लेकिन माफिया इतनी चालाकी से काम कर रहे हैं कि उन्होंने टेलर को छोड़कर इंजन लेकर भागने की तरकीब निकाल ली। इस दौरान तिसरी पुलिस ने एक मजदूर को हिरासत में लिया है। हालांकि, अंचलाधिकारी ने आधिकारिक बयान देने से इनकार किया, लेकिन मौखिक रूप से बताया कि वे तिसरी पंचायत भवन की ओर जा रहे थे, तभी उन्हें बालू लदे ट्रैक्टर की सूचना मिली। रोकने की कोशिश में उनके वाहन को टक्कर मार दी गई, जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।













