गिरिडीह उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों की सुनवाई की। जनता दरबार में बड़ी संख्या में फरियादियों ने बिजली बिल, भूमि विवाद, पेंशन, पारिवारिक विवाद, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, आवास, राशन कार्ड तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मामलों को उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में 45 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन मामलों का समाधान तत्काल संभव है, उनका मौके पर ही नियमानुसार निस्तारण किया जाए, जबकि अन्य मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस दौरान उपायुक्त ने कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निराकरण भी किया तथा शेष मामलों की नियमित मॉनिटरिंग कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।












