गिरिडीह: राज्य सरकार के निर्देश पर परिवहन सेवाओं को अधिक सरल, सुलभ और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से गिरिडीह जिला प्रशासन द्वारा ड्राइविंग लाइसेंस निर्गमन अभियान को प्राथमिकता के साथ चलाया जा रहा है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के मार्गदर्शन में सोमवार को 15 लाभुकों को सांकेतिक रूप से ड्राइविंग लाइसेंस प्रदान किए गए। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि वैध ड्राइविंग लाइसेंस केवल कानूनी आवश्यकता ही नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिक होने का भी महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित एवं अनुशासित सड़क व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग की अपील की। साथ ही अधिकारियों को लाइसेंस निर्गमन प्रक्रिया को पारदर्शी, त्वरित और नागरिक हितैषी बनाने के निर्देश दिए।

जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि जून माह में जिले में कुल 1,779 ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए गए। इनमें 906 स्थायी लाइसेंस (893 पुरुष, 13 महिलाएं), 798 लर्निंग लाइसेंस (783 पुरुष, 15 महिलाएं) तथा 75 एचएमवी (हेवी मोटर व्हीकल) लाइसेंस शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आवेदन से लेकर परीक्षण और लाइसेंस जारी करने तक पूरी प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही वाहन चलाएं और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर जिम्मेदार यातायात संस्कृति के निर्माण में योगदान दें।












