Aba News

SIR-2026 अभियान में तेजी, एसडीओ ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, मतदाताओं से की सहयोग की अपील

गिरिडीह: भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत 32-गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के शहरी इलाकों के 185 मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य तेज गति से चल रहा है। इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार ने विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और अभियान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बीएलओ और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक अभियान की पहुंच सुनिश्चित की जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने मतदाताओं से बातचीत कर गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया की जानकारी ली और आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों पर आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी को सहज तरीके से सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि SIR-2026 अभियान मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। साथ ही उन्होंने 32-गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर गणना प्रपत्र सही ढंग से भरें और निर्धारित अवधि के भीतर जमा कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें