गिरिडीह पुलिस ने जिले में हुई दो अलग-अलग सोने की चेन छिनतई की घटनाओं का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पहली घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह स्थित मंगल मूर्ति विवाह भवन के पास और दूसरी नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा पावर हाउस के समीप हुई थी, जहां बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने महिलाओं से सोने की चेन छीन ली थी। दोनों मामलों में कांड दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ सदर जितवाहन उरांव के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मानवीय सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर धनबाद, बोकारो और कटिहार में छापेमारी की।

कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के नया टोला जुराबगंज में छापेमारी के दौरान पुलिस ने अपराधी के घर से दोनों छीनी गई सोने की चेन बरामद कर ली। बरामद चेन में एक का वजन करीब 11 ग्राम और दूसरी का 19 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने अपराधियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। एसपी डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि जिले में ऐसी वारदातों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा। पुलिस ने आम लोगों से भी किसी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील की है।











