Aba News

गिरिडीह नगर भवन में सहकारिता विभाग की आम सभा, डीसी ने पैक्स अध्यक्षों से कृषि समस्याएं रखने का किया आह्वान, किसानों को समय पर भुगतान और खेती को मजबूत बनाने पर दिया जोर

गिरिडीह जिला सहकारिता विभाग की ओर से शुक्रवार को नगर भवन में सिद्धू-कान्हू कृषि वनोपज सहकारिता आम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न पैक्स (प्राथमिक कृषि साख समिति) के अध्यक्षों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त रामनिवास यादव उपस्थित रहे। उनके साथ डीएफओ मनीष तिवारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी अश्वनी ओझा, जिला कृषि पदाधिकारी आशुतोष तिवारी सहित कई अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।आम सभा को संबोधित करते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि पैक्स कृषि व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और किसानों की समस्याओं के समाधान में उनकी भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने पैक्स अध्यक्षों से अपील की कि वे खेती से जुड़ी वास्तविक समस्याओं को प्रशासन के समक्ष खुलकर रखें, ताकि उनका समय पर समाधान किया जा सके।

उपायुक्त ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का भुगतान समय पर मिलना चाहिए। यदि पैक्स समय पर फसल की खरीद करेंगे तो भुगतान प्रक्रिया भी सुचारू रूप से संचालित होगी। उन्होंने सिद्धू-कान्हू कृषि वनोपज सहकारिता (सिडको) से जुड़े पैक्स अध्यक्षों से संस्था के नियमों का पालन करने तथा अधिक से अधिक निवेश और भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही।बैठक के दौरान कई पैक्स अध्यक्षों ने खेती-किसानी से जुड़ी चुनौतियों को सामने रखा। उन्होंने कहा कि झारखंड में कृषि करना लगातार कठिन होता जा रहा है। समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध नहीं हो पाता, उत्पादन लागत बढ़ रही है और किसानों को फसलों का उचित मूल्य भी नहीं मिल रहा है। इन समस्याओं के कारण किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कार्यक्रम के अंत में कृषि एवं सहकारिता क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले कई पैक्स अध्यक्षों को उपायुक्त ने प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न पैक्स प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें