गिरिडीह: शहर के धरियाडीह स्थित रिहायशी इलाके में शुक्रवार को करीब 7 फीट लंबे और लगभग 13 किलोग्राम वजनी भारतीय अजगर के दिखाई देने से लोगों में दहशत फैल गई। झाड़ियों में विशालकाय अजगर को देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत सर्प मित्र रॉकी नवल को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर अजगर को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास के अनुकूल स्थान पर छोड़ दिया गया, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

रेस्क्यू के बाद सर्प मित्र रॉकी नवल ने बताया कि भारतीय अजगर एक संरक्षित और दुर्लभ वन्यजीव है। यह विषैला नहीं होता, लेकिन अपनी ताकत के कारण छोटे जानवरों और छोटे बच्चों के लिए जोखिम पैदा कर सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी सांप के दिखने पर उसे मारने या पकड़ने की कोशिश न करें, बल्कि सुरक्षित दूरी बनाकर तुरंत प्रशिक्षित सर्प मित्र या वन विभाग को सूचना दें। स्थानीय लोगों ने रॉकी नवल की त्वरित कार्रवाई और वन्यजीव संरक्षण के प्रति उनकी सेवा की सराहना की।












