गिरिडीह के उत्सव उपवन में गुरुवार को गाण्डेय विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने की। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि गाण्डेय विधानसभा क्षेत्र में 60,432 मतदाता अभी अनमैप्ड हैं। उन्होंने पार्टी द्वारा नियुक्त बीएलए-2 तथा अन्य कार्यकर्ताओं से इन मतदाताओं की मैपिंग प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। मंत्री ने कहा कि आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए सरकार गंभीर है और जल्द ही सेवा पखवाड़ा के तहत शिविर लगाकर जन्म, जाति, आवासीय प्रमाण पत्र एवं वंशावली बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।


बैठक में जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान एक भी पात्र मतदाता का नाम न छूटे, इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 14 जून को उत्सव उपवन में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पूर्व विधायक केदार हाजरा, जिला उपाध्यक्ष शाहनवाज अंसारी एवं जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा ने भी मतदाताओं को जागरूक रहने तथा समय पर आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने की अपील की। बैठक में विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और SIR प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं एवं सुझावों पर चर्चा की।












