गिरिडीह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिरसिया निवासी मृत पायल कुमारी के परिजनों से रविवार को नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने मुलाकात किया। इस दौरान गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को ढाढस बंधाया। इस दौरान गिरिडीह की महापौर प्रमिला मेहरा भी मौजूद रहीं। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने पीड़ित परिवार से बातचीत में कहा कि इस मामले में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि परिवार को न्याय दिलाने के लिए सरकार और प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि 20 मई की सुबह सिरसिया पुराना पुल के नीचे युवती का शव मिलना बेहद दुखद और चिंताजनक घटना है, जिससे पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मंत्री ने प्रशासन को मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ शीघ्र कठोर कार्रवाई करने का निर्देश देने की बात कही। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।












