Aba News

पहले प्रेमी फिर प्रेमिका चढ़ी मोबाइल टावर पर, शादी की जिद ने मचाया हंगामा

प्यार में दीवानगी की एक अनोखी कहानी इन दिनों गिरिडीह के निमियाघाट ओर धनबाद के गोमो में चर्चा का विषय बनी हुई है। पहले प्रेमी मोबाइल टावर पर चढ़ा और अगले ही दिन प्रेमिका भी शादी की जिद को लेकर टावर पर जा पहुंची। दोनों हर हाल में एक-दूसरे से शादी करना चाहते हैं।

जानकारी के अनुसार धनबाद निवासी सुनील महतो पहले से शादीशुदा है। इसके बावजूद उसका नवाडीह पंचायत स्थित सहरिया गांव की 20 वर्षीय युवती देवंती के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। शनिवार को सुनील अपनी प्रेमिका से मिलने और उससे शादी करने की मांग को लेकर गिरिडीह के निमियाघाट इलाके में एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब सात घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की समझाइश पर वह नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई। इधर प्रेमी के थाने पहुंचने की खबर मिलते ही प्रेमिका देवंती भी बेचैन हो उठी। रविवार को वह धनबाद जिले के हरिहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोमो पहुंची और प्रेमी से मिलने तथा उससे शादी कराने की मांग को लेकर एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई।

युवती को टावर पर चढ़ा देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने के बाद हरिहरपुर थाना प्रभारी अंकित सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी देर तक पुलिस और स्थानीय लोग युवती को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह बार-बार एक ही बात दोहराती रही कि उसे सुनील से मिलवाया जाए और दोनों की शादी कराई जाए।
आखिरकार पुलिस ने युवती को प्रेमी से मिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद वह टावर से सुरक्षित नीचे उतर आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें