Aba News

गिरिडीह के मनीष यादव करेंगे झारखंड का प्रतिनिधित्व — भुवनेश्वर में आज से शुरू 40वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप

गिरिडीह, 10 अक्टूबर 2025:- एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, नई दिल्ली एवं उड़ीसा एथलेटिक्स संघ द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित 40वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का शुभारंभ आज भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम में हुआ। यह प्रतियोगिता 10 से 14 अक्टूबर तक चलेगी, जिसमें देशभर के लगभग 2100 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड के प्रतिभाशाली खिलाड़ी मनीष यादव को झारखंड राज्य टीम में शामिल किया गया है। वे अंडर-20 आयु वर्ग में 400 मीटर दौड़ और मिक्स रिले स्पर्धा में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। मनीष यादव ने हाल ही में रांची में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 400 मीटर में रजत पदक एवं मिक्स रिले में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी काबिलियत साबित की थी। फिलहाल वे बेंगलुरु की एक निजी एथलेटिक्स अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं और अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ने को तैयार हैं।

जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने मनीष यादव को आगामी प्रतियोगिता के लिए अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, “आपका जज्बा, हौसला और दृढ़ संकल्प पूरे जिले के लिए प्रेरणास्रोत है। मुझे विश्वास है कि आप अपनी मेहनत और लगन से राज्य एवं जिले का नाम रोशन करेंगे।” उपायुक्त ने आगे कहा कि मनीष जैसे युवा खिलाड़ी खेलों में उत्कृष्टता की दिशा में पूरे समाज को नई प्रेरणा देते हैं। जिले के खेल प्रेमियों एवं युवाओं में मनीष यादव की उपलब्धि से नई ऊर्जा का संचार हुआ है। अब सभी की निगाहें इस युवा धावक पर टिकी हैं, जो अपने प्रदर्शन से झारखंड का परचम राष्ट्रीय स्तर पर लहराने के लिए तत्पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें