तिसरी प्रखंड के थानसिंगडीह पंचायत अंतर्गत चरकी महादेव थान में उस समय सनसनी फैल गई जब 52 वर्षीय मजदूर त्रिभुवन राय का शव घर से 100 मीटर की दूरी पर संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के कई निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि यह एक सोची-समझी हत्या हो सकती है।

घटना की सूचना मिलते ही थानसिंगडीह ओपी और लोकाय नयनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। ओपी प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है, लेकिन परिजनों की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। जांच जारी है।












