Aba News

गिरिडीह में नाबालिगों से देह व्यापार का पर्दाफाश, महिला और युवक गिरफ्तार

गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र के 28 नंबर भंडारीडीह इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां नाबालिग लड़कियों को देह व्यापार के लिए मजबूर किया जा रहा था। पुलिस ने रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 41 वर्षीय पिंकी देवी उर्फ नितू देवी और 21 वर्षीय युवक इरफान अंसारी को गिरफ्तार किया है। साथ ही दो नाबालिग लड़कियों को भी मौके से बरामद किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि पिंकी देवी नगर थाना क्षेत्र के धरियाडीह की रहने वाली है और पिछले एक साल से 28 नंबर भंडारीडीह में किराए के मकान में रह रही थी। वह बाहर से कैटरिंग का काम करने का बहाना बनाकर नाबालिग लड़कियों को अपने साथ रखती थी और फिर उन्हें जबरन देह व्यापार के धंधे में धकेल देती थी। बाजार से ग्राहक बुलाकर अपने कमरे में सौदेबाजी करती थी, साथ ही मधुपुर के एक होटल में भी लड़कियों को भेजती थी और होटल मालिक से मोटी रकम वसूलती थी।

21 वर्षीय इरफान अंसारी, जो पेसरा बहियार का रहने वाला है और टोटो चालक है, को पिंकी देवी ने पैसे का लालच देकर लड़कियों को होटल तक पहुंचाने और ग्राहकों की व्यवस्था करने का काम सौंपा था। छापेमारी के दौरान पकड़े जाने के बाद दोनों ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पकड़ी गई एक नाबालिग लड़की मुफ्फसिल थाना क्षेत्र की है जबकि दूसरी धनबाद की रहने वाली बताई गई है।

इस खुलासे की नींव उस समय पड़ी जब गिरिडीह शहरी क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की 24 अप्रैल को लापता हो गई थी। लड़की के पिता ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि भंडारीडीह इलाके में एक महिला के पास कुछ नाबालिग लड़कियां रह रही हैं। इसी आधार पर मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, महिला पुलिस पदाधिकारी और महिला बल की टीम ने रविवार को छापेमारी की और यह घिनौना खेल सामने आया। पुलिस अब इस केस में और भी नामों की जांच कर रही है और उम्मीद है कि जल्द ही इस रैकेट के अन्य सदस्य भी गिरफ्त में होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें