गिरिडीह के पचंबा मुख्य मार्ग स्थित अलकापुरी चौक पर नए विक्रमादित्य लाइब्रेरी का भव्य उद्घाटन किया गया। इंजीनियर कुमार गौरव और मृगेंद्र कुमार द्वारा स्थापित इस लाइब्रेरी का शुभारंभ एकल अभियान के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. ललन शर्मा और सर जे.सी. बोस गर्ल्स प्लस टू स्कूल के प्रधानाचार्य मुन्ना कुशवाहा ने किया। कार्यक्रम में भाजपा नेता, जिला परिषद सदस्य प्रभा वर्मा, संदीप डंगैच, महेंद्र वर्मा, जदयू प्रदेश मंत्री सरयु गोप सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अत्याधुनिक लाइब्रेरी में 103 एसी युक्त सीटें उपलब्ध हैं, जहां प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित सभी आवश्यक पुस्तकें और अध्ययन सामग्री दी गई है। उद्घाटन समारोह में डॉ. ललन शर्मा ने कहा कि ऑनलाइन पढ़ाई के दौर में पुस्तकों का महत्व कम नहीं हुआ है, और यह लाइब्रेरी छात्रों के लिए वरदान साबित होगी। प्रधानाचार्य मुन्ना कुशवाहा ने इसे गिरिडीह के छात्रों के लिए एक नई शिक्षा क्रांति बताया। गणमान्य अतिथियों ने कहा कि अब छात्रों को बाहर से महंगी किताबें मंगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे उनका आर्थिक बोझ कम होगा और समय की बचत होगी।












