Aba News

तेलोडीह पंचायत में डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ, सितंबर से छात्राओं को मिलेगी मुफ्त कोचिंग

गिरिडीह सदर प्रखंड के तेलोडीह पंचायत में रविवार को डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया। पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने फीता काटकर लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। इस दौरान मुखिया शब्बीर आलम ने थाना प्रभारी को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। थाना प्रभारी ने लाइब्रेरी में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए पंचायत की पहल की सराहना की। लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के लिए शांत अध्ययन वातावरण के साथ हाई स्पीड वाई-फाई, आरओ फिल्टर पेयजल, बिजली, पंखे तथा पुरुष और महिलाओं के लिए अलग-अलग वॉशरूम की व्यवस्था की गई है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन और पूरी लगन के साथ पढ़ाई करने की अपील की।

वहीं, मुखिया शब्बीर आलम ने घोषणा की कि सितंबर से तेलोडीह पंचायत की 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए पंचायत भवन में निःशुल्क कोचिंग क्लास शुरू की जाएगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधा उपलब्ध कराना और बोर्ड व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग करना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। डिजिटल लाइब्रेरी और मुफ्त कोचिंग की घोषणा से विद्यार्थियों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें