झारखंड पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। 2.20 करोड़ रुपये के इनामी भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा उर्फ भास्कर को उसके साथियों सहित गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार नक्सलियों में 15 लाख रुपये का इनामी मोछू और सैराव उर्फ वीरेंद्र हांसदा समेत कुल पांच नक्सली शामिल हैं।गिरफ्तारी के बाद सभी नक्सलियों को झारखंड पुलिस मुख्यालय में मीडिया के सामने पेश किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई नक्सल संगठन के खिलाफ बड़ी उपलब्धि है, जिससे संगठन को करारा झटका लगा है।
पुलिस ने गिरफ्तार नक्सलियों के कब्जे से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया है। बरामद सामान में 3 AK-47 राइफल, 8 मैगजीन और 288 जिंदा गोलियां शामिल हैं। इसके अलावा अन्य आवश्यक सामग्री भी जब्त की गई है, जिसकी जांच की जा रही है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी नक्सलियों से पूछताछ जारी है। पूछताछ के आधार पर नक्सल संगठन के नेटवर्क, हथियारों की आपूर्ति और अन्य गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। झारखंड पुलिस ने इसे राज्य में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी कामयाबी बताया है।












