Aba News

पलामू में 1.5 करोड़ का गांजा बरामद, लकड़ी के गुप्त चैंबर में छिपाकर हो रही थी तस्करी

पलामू जिले के जपला-छतरपुर रोड पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 320 किलोग्राम गांजा से लदे एक ट्रक को जब्त किया है। बरामद गांजा की खुदरा बाजार में कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपए आंकी गई है। कार्रवाई एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने गंम्हरिया गांव के पास वाहन जांच के दौरान की।पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रक संख्या UP-14 FT-6583 बिहार से जपला होते हुए छतरपुर की ओर भारी मात्रा में गांजा लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान ट्रक के डाले में लकड़ी का एक गुप्त चैंबर बनाया गया था, जिसमें 10 प्लास्टिक के बोरों में गांजा छिपाकर रखा गया था। मौके पर ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर बरामद सामग्री के गांजा होने की पुष्टि हुई।पुलिस ने ट्रक चालक राजेश यादव (45 वर्ष), निवासी मदनपुर गांव, छतरपुर को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने तस्करी से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग दिए हैं, जिनके आधार पर पुलिस आगे की जांच में जुटी है।

इस संबंध में हुसैनाबाद थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें