Aba News

SIR-2026 को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त का वोटर हेल्पलाइन केंद्र निरीक्षण, बोले- हर पात्र मतदाता तक पहुंचे सटीक जानकारी और त्वरित सहायता, हेल्पलाइन सेवा को और प्रभावी बनाने के निर्देश

गिरिडीह। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के प्रभावी संचालन को लेकर उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित वोटर हेल्पलाइन एवं मतदाता सहायता केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली, मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और निर्वाचन आयोग की टोल फ्री हेल्पलाइन 1950 के संचालन का विस्तार से जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान आयुक्त स्वयं हेल्पलाइन केंद्र पर बैठे और मतदाताओं से प्राप्त कॉल, शिकायतों के निस्तारण तथा SIR-2026 से संबंधित मार्गदर्शन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता को समयबद्ध, सरल, पारदर्शी और संतोषजनक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई भी नागरिक जानकारी के अभाव में निर्वाचन प्रक्रिया से वंचित न रहे।

मौके पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह, आईएएस प्रशिक्षु, उप नगर आयुक्त एवं नजारत उप समाहर्ता सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।उपायुक्त रामनिवास यादव ने आयुक्त को जिले में चल रहे SIR-2026 अभियान की प्रगति, गणना प्रपत्रों के वितरण, हेल्पलाइन के माध्यम से दी जा रही सहायता, प्राप्त शिकायतों के निस्तारण तथा मतदाता जागरूकता गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन प्रत्येक पात्र मतदाता तक समय पर सूचना और आवश्यक सहायता पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने नागरिकों से अपील की कि गणना प्रपत्र भरने अथवा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए निर्वाचन आयोग की टोल फ्री हेल्पलाइन 1950 का अधिक से अधिक उपयोग करें। उन्होंने अधिकारियों को हेल्पलाइन सेवा को और अधिक उत्तरदायी, जनसुलभ एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक मतदाता की शिकायतों और जिज्ञासाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।उन्होंने कहा कि “हर पात्र मतदाता तक सटीक जानकारी, हर मतदाता तक त्वरित सहायता और प्रत्येक नागरिक की निर्वाचन प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्रतिबद्धता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें