Aba News

पीरटांड़ में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिरी, बदगुंदा निवासी युवक की मौत; गर्भवती पत्नी और दो मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पालगंज के समीप धावाटांड़ पहाड़ी के पास गुरुवार को हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बदगुंदा निवासी 35 वर्षीय छाट्टू राय के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार छाट्टू राय अपने ससुराल पीरटांड़ प्रखंड के पालगंज-सुगवाटांड़ से बाइक से अपने घर बदगुंदा लौट रहे थे। इसी दौरान धावाटांड़ पहाड़ी के समीप एक तीखे मोड़ पर उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे नीचे जा गिरी। हादसे में उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद स्थानीय राहगीरों ने घायल युवक को देखा और तत्काल उसके ससुराल परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें आनन-फानन में गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक अपने पीछे गर्भवती पत्नी, सात वर्षीय पुत्र और तीन वर्षीय पुत्री को छोड़ गए हैं।.

परिजनों ने बताया कि उनकी शादी करीब नौ वर्ष पूर्व हुई थी और उनकी पत्नी गर्भावस्था के अंतिम महीने में हैं। इस दर्दनाक हादसे से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें