गिरीडीह: देश के चर्चित सामाजिक कार्यकर्ता एवं वैज्ञानिक सोनम वांगचुंग के समर्थन में शुक्रवार को सेक्युलर फ्रंट के नेतृत्व में गिरिडीह शहर में विरोध-प्रदर्शन किया गया। जेपी चौक से अंबेडकर चौक तक निकाले गए प्रोटेस्ट मार्च में शामिल लोगों ने “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” तथा “लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमले बंद करो” जैसे नारे लगाए।अंबेडकर चौक पर आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए शंकर पाण्डेय ने कहा कि नीट पेपर लीक सहित शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सोनम वांगचुंग पिछले 19 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हैं, लेकिन केंद्र सरकार इस मामले में कोई संज्ञान नहीं ले रही है।
सतीश कुन्दन ने कहा कि सीबीएसई परीक्षा मूल्यांकन में कथित गड़बड़ियों एवं छात्रों की मांगों पर सरकार की चुप्पी चिंता का विषय है। वहीं रामदेव विश्वबन्धु ने छात्रों से इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए व्यापक जनआंदोलन की आवश्यकता है।धरणीधर ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में सोनम वांगचुंग जैसे लोगों की देश को आवश्यकता है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि केवल अनशन के बजाय व्यापक जनआंदोलन के माध्यम से सरकार पर दबाव बनाया जाना चाहिए।
प्रदर्शन में कामेश्वर यादव, देव शंकर मिश्रा, बद्री दास, मनोज कुमार, मुन्ना, रविश आनंद, शुभम कुमार, राजेश सिन्हा, प्रदीप पासवान, मो. इकराम अंसारी, राजकुमार राय, मनोहर ठाकुर, प्रदीप गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।











