गिरिडीह: तिसरी थाना क्षेत्र के भुराई गांव में रविवार को 2 एकड़ 24 डिसमिल जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। समय रहते पुलिस के हस्तक्षेप से संभावित बड़ी घटना टल गई।
जानकारी के अनुसार, भुराई गांव स्थित खाता संख्या-34, प्लॉट संख्या-605 की जमीन को लेकर मँझलू मांझी के वंशजों और इनुस मियां समेत अन्य लोगों के बीच पिछले तीन वर्षों से विवाद चल रहा है। मामला फिलहाल अनुमंडल न्यायालय में विचाराधीन है।

रविवार को इनुस मियां के पक्ष के लोगों ने विवादित जमीन पर ट्रेंच काटकर ईंट गिरानी शुरू की। इसकी जानकारी मिलने पर मँझलू मांझी के पक्ष से दर्जनों महिला, पुरुष और बच्चे पारंपरिक तीर-धनुष तथा मांदर के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जमीन पर खूंटा-खंभी गाड़कर अपना दावा जताने लगे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी, धक्का-मुक्की और हल्की झड़प भी हुई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।

घटना की सूचना मिलते ही तिसरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस की तत्परता से स्थिति नियंत्रण में आ गई और किसी भी अप्रिय घटना को टाल दिया गया।

इनुस मियां के पक्ष का कहना है कि संबंधित जमीन उनकी है तथा मामला न्यायालय में लंबित है। वहीं मँझलू मांझी के पक्ष का दावा है कि जमीन उनके पूर्वजों की है और न्यायालय में लंबे समय से सुनवाई चल रही है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।












