Aba News

पंखे का तार जोड़ते समय करंट का कहर, 28 वर्षीय युवक की मौत; दो मासूम बच्चों से छिना पिता का साया

गिरिडीह: बेंगाबाद थाना क्षेत्र के तेलोनारी गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय जमरूद्दीन अंसारी की करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, जमरूद्दीन अपने घर में पंखे का बिजली कनेक्शन जोड़ रहे थे, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गए। तेज झटके से वह नीचे गिर पड़े, जिससे उनके सिर में भी गंभीर चोट लगी। परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल गिरिडीह सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई।

परिजनों ने बताया कि जमरूद्दीन परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके निधन से वृद्ध माता-पिता, पत्नी, तीन वर्षीय बेटी और दो वर्षीय बेटे पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के सामने अब आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा हो गया है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में रखा गया है। स्थानीय लोगों ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें