गिरिडीह। हैदराबाद नारकोटिक्स विंग की टीम ने शनिवार को डुमरी थाना क्षेत्र के बेरमो मोड़ पर कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के आरोप में एक युवक को हिरासत में लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान तांबागुडियो निवासी सत्यम मिश्रा के रूप में हुई है। आरोप है कि वह डुमरी और आसपास के क्षेत्रों से स्पीड पोस्ट के माध्यम से हैदराबाद, मुंबई सहित देश के विभिन्न शहरों में गांजा भेजने वाले नेटवर्क से जुड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सत्यम अपनी कार का टायर बदलवाने के लिए बेरमो मोड़ पहुंचा था। इसी दौरान दो स्कूटी से पहुंचे नारकोटिक्स विभाग के अधिकारी कुछ देर बाद एक सफेद इनोवा में पहुंचे अन्य सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को घेरकर हिरासत में ले लिया। इसके बाद उसे डुमरी थाना लाया गया।

जानकारी के अनुसार, हैदराबाद नारकोटिक्स विंग ने कुछ दिन पहले इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया था। उसी से मिली जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई। मामले की पुष्टि करते हुए डुमरी के एसडीपीओ आबिद अली ने बताया कि हैदराबाद नारकोटिक्स विंग की टीम ने गांजा तस्करी के आरोप में सत्यम मिश्रा को हिरासत में लिया है। फिलहाल टीम उससे पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई हैदराबाद नारकोटिक्स विंग द्वारा की जा रही है।











