Aba News

सद्गुरु कबीर साहब की जय’ से गूंजा गिरिडीह, भव्य शोभायात्रा के साथ कबीर ज्ञान महायज्ञ का शुभारंभ

गिरिडीह। सिरसिया-सिहोड़ीह स्थित श्री कबीर ज्ञान मंदिर में रविवार को सद्गुरु कबीर साहब की 628वीं जयंती के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय कबीर ज्ञान महायज्ञ का शुभारंभ भव्य धर्म जागरण शोभायात्रा के साथ हुआ। आकर्षक झांकियों, कबीर वाणी, प्रेरक नारों और ‘सद्गुरु कबीर साहब की जय’ के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूब गया। मंदिर परिसर से निकली शोभायात्रा टावर चौक, कालीबाड़ी चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर पहुंची। इस दौरान झारखंड के अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा में समाज सुधार और समरसता का संदेश देने वाले बैनर-पोस्टर आकर्षण का केंद्र रहे। ‘जात-पात पूछे नहिं कोई, हरि को भजै सो हरि का होई’ जैसे संदेशों के माध्यम से सामाजिक एकता और मानवता का संदेश दिया गया।

शोभायात्रा के समापन के बाद मंदिर परिसर में दिनभर कबीर भजनों की संगीतमय प्रस्तुति और विद्वान संतों के आध्यात्मिक प्रवचन हुए। आयोजन समिति के अनुसार रविवार शाम सद्गुरु माँ का दिव्य उपदेश तथा ‘मन से संघर्ष’ नाटक का मंचन किया जाएगा। वहीं महायज्ञ के दूसरे दिन 29 जून को बीजक पाठ, महाहवन और सद्गुरु माँ द्वारा रचित तीन नए ग्रंथों का लोकार्पण किया जाएगा। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा मंदिर परिसर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें