Aba News

पंचायत चुनाव और संगठन विस्तार पर भाजपा का फोकस, 7 जुलाई तक सभी मंडलों में बैठकों का निर्देश

गिरिडीह। हरिचक स्थित भाजपा जिला कार्यालय में शनिवार को भाजपा गिरिडीह महानगर के पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रंजीत राय ने की, जबकि संचालन महानगर महामंत्री संदीप डांगेच और धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री सिकंदर हेम्ब्रम ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं दुमका के पूर्व सांसद सुनील सोरेन शामिल हुए। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि सभी मंडल पदाधिकारी 24 घंटे का प्रवास कर मंडलों में बैठक करेंगे। इसके बाद शक्ति केंद्र के संयोजकों, सह-संयोजकों और बूथ अध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठन विस्तार की रणनीति बनाई जाएगी। उन्होंने आगामी पंचायत चुनाव को देखते हुए ऐसे प्रभावशाली लोगों से भी संपर्क बढ़ाने का आह्वान किया, जो चुनाव में जीत दर्ज करने की क्षमता रखते हों।

सुनील सोरेन ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम सूची से न कटे और अपात्र लोगों का नाम न जुड़े, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। वहीं जिलाध्यक्ष रंजीत राय ने बताया कि पार्टी के सभी पदाधिकारी मंडलों में प्रवास करेंगे और 7 जुलाई तक सभी मंडलों में बैठकें आयोजित करने की तिथि तय कर दी गई है। बैठक में जिला एवं महानगर के कई पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और मोर्चा पदाधिकारी मौजूद रहे तथा संगठन को आगामी चुनावों के लिए मजबूत बनाने और बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें