Aba News

चलती CNG टाटा मैजिक बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान, ट्रांसफार्मर समेत सब कुछ राख

गिरिडीह। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के महेशमुंडा-गिरिडीह मुख्य मार्ग स्थित पांडेडीह मोड़ के पास शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पटना से गिरिडीह आ रही एक सीएनजी टाटा मैजिक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। चालक मिथलेश कुमार ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि वाहन कुछ ही देर में पूरी तरह जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन, उसमें लदा मोबाइल टावर का ट्रांसफार्मर और अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो चुका था।

चालक मिथलेश कुमार ने बताया कि वह बिहार के पटना से मोबाइल टावर का ट्रांसफार्मर लेकर गिरिडीह आ रहे थे। पांडेडीह मोड़ के पास पहुंचते ही अचानक वाहन में आग लग गई। उनका कहना है कि प्रारंभिक तौर पर आग सीएनजी सिलेंडर फटने से लगी प्रतीत होती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें वाहन में रखा मोबाइल फोन, नकदी और अन्य जरूरी सामान निकालने का भी मौका नहीं मिला। चालक के अनुसार, घटना में उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और उनके पास घर लौटने तक के लिए पैसे भी नहीं बचे हैं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें