Aba News

अब प्रखंड में ही बनेगा ड्राइविंग लाइसेंस! 13 प्रखंडों में दो-दिवसीय विशेष कैंप का ऐलान

गिरिडीह। जिले के लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए अब जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उपायुक्त  रामनिवास यादव के निर्देशानुसार 01 जुलाई से 13 अगस्त तक जिले के सभी 13 प्रखंडों में दो-दिवसीय विशेष ड्राइविंग लाइसेंस कैंप आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य परिवहन सेवाओं को अधिक सरल, सुलभ और पारदर्शी बनाते हुए नागरिकों को उनके प्रखंड स्तर पर ही ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कैंप में नए ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन, दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन प्रक्रिया, ड्राइविंग टेस्ट, मेडिकल जांच, ब्लड ग्रुप परीक्षण तथा शारीरिक फिटनेस प्रमाण-पत्र की व्यवस्था एक ही स्थान पर की जाएगी। उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा चिकित्सा पदाधिकारियों को आवश्यक चिकित्सक एवं लैब तकनीशियन की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया है।

जिला परिवहन पदाधिकारी श्री संतोष कुमार ने बताया कि प्रत्येक कैंप संबंधित प्रखंड मुख्यालय में दो दिनों तक सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक आयोजित होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बेंगाबाद से शुरू होकर जमुआ, तिसरी, देवरी, गावां, धनवार, गिरिडीह सदर, पीरटांड़, डुमरी, बगोदर, बिरनी, सरिया और अंत में गांडेय प्रखंड में शिविर लगाए जाएंगे। उपायुक्त श्री रामनिवास यादव ने सभी पात्र युवाओं एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने प्रखंड परिसर में पहुंचकर इस विशेष सुविधा का लाभ उठाएं। जिला प्रशासन का लक्ष्य नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध परिवहन सेवाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें