रांची/गिरिडीह: झारखंड सरकार ने राज्य प्रशासनिक सेवा के 88 अधिकारियों का व्यापक तबादला करते हुए विभिन्न जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा बुधवार को जारी अधिसूचना के तहत कई अधिकारियों को एसडीओ, बीडीओ, अंचल अधिकारी, नगर आयुक्त एवं उप नगर आयुक्त जैसे महत्वपूर्ण पदों पर पदस्थापित किया गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल को राज्य में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारू बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

जारी सूची के अनुसार सुदिप्त राज को अरगोड़ा, रांची का अंचल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि अरविंद कुमार ओझा को धनबाद में विधि-व्यवस्था के एडीएम की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं विजय सिंह बिरूआ को गिरिडीह का नया नगर आयुक्त तथा अब्दुशसमत को उप नगर आयुक्त बनाया गया है। इसके अलावा कौशल कुमार को दुमका, संजय पांडेय को मेदिनीनगर और कुमार मयंक भूषण को गढ़वा का अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) नियुक्त किया गया है। कई अधिकारियों को बीडीओ के साथ-साथ अंचल अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। सरकार का मानना है कि इस व्यापक तबादले से प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी तथा जनसेवाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।












