मधुबन क्षेत्र के लोगों को अब पानी की किल्लत नहीं झेलनी पड़ेगी। शुक्रवार को डीसी ऑफिस से इसकी जानकारी दी गई। मधुबन पेयजलापूर्ति योजना को पुनः सुचारू रूप से कल से शुरू किया जाएगा। मंत्री सुदीव्य कुमार की पहल एवं लगातार मॉनिटरिंग से अब जल्द ही लोगों तक पानी पहुंचेगी। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए विभागीय अधिकारियों एवं तकनीकी टीम ने युद्धस्तर पर कार्य पूर्ण कर लिया है, जिसके पश्चात 30 मई से योजना को पुनः सुचारू रूप से शुरू कर दिया जाएगा। कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल संख्या 2, अवीक अंबाला ने बताया कि योजना के रखरखाव में एजेंसी द्वारा आवश्यक तकनीकी मानकों का सही ढंग से पालन नहीं किए जाने के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई थी। इससे मधुबन क्षेत्र के हजारों लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री सुदीव्य कुमार ने अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। जिसके बाद उपायुक्त ने संबंधित विभाग को जल्द से जल्द पेयजलापूर्ति योजना की मरम्मत एवं तकनीकी सुधार करने का निर्देश दिया गया था, उक्त के आलोक में 24 अप्रैल से ही मरम्मत एवं तकनीकी सुधार का कार्य प्रारंभ कर दिया गया था। कार्य पूरा होने के बाद कल से इसे फिर से शुरू कर दिया जाएगा।













