Aba News

गिरिडीह में भीषण सड़क हादसा: तीन ट्रकों में लगी आग ।

गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलगो टोल प्लाजा के समीप गुरुवार की अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि बगोदर की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार गुड़ लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रकों से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक के बाद एक तीन ट्रक आपस में भिड़ गए। टक्कर के तुरंत बाद तीनों ट्रकों में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही दो ट्रक पूरी तरह आग की चपेट में आ गए। इस दर्दनाक हादसे में गुड़ लदे ट्रक के चालक और उपचालक बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जलकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश करने लगे, लेकिन आग की भयावहता के सामने सभी प्रयास नाकाफी साबित हुए। सूचना मिलने पर डुमरी थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस हादसे में एक अन्य ट्रक चालक घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत रेफरल अस्पताल, डुमरी में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें