गिरिडीह जिले के गांडेय प्रखंड अंतर्गत दासडीह पंचायत में स्वर्गीय बसंत पाठक स्मृति उद्यान के पर्यटकीय विकास कार्य का शुभारंभ विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन द्वारा किया गया। लगभग 49 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना के तहत स्टेज निर्माण, पेवर ब्लॉक, चहारदीवारी और आकर्षक तोरण द्वार सहित कई विकास कार्य किए जाएंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। वहीं उपायुक्त रामनिवास यादव ने बताया कि जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों का चरणबद्ध विकास किया जा रहा है। मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार तिवारी और पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार सहित कई अधिकारियों ने इस पहल को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।













