बिरनी प्रखंड में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से शनिवार को बगोदर विधायक सह सचेतक नागेन्द्र महतो एवं गिरिडीह उपायुक्त राम निवास यादव ने संयुक्त रूप से विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं जलापूर्ति योजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण क्रम में अधिकारियों ने भरकट्टा स्थित पानी टंकी, +2 उच्च विद्यालय भरकट्टा, +2 उच्च विद्यालय जरीडीह, बरहमसिया चौक स्थित जलापूर्ति टंकी, +2 उच्च विद्यालय प्लौंजिया, मॉडल कॉलेज बिरनी तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बिरनी का दौरा किया। इस दौरान विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रों की उपस्थिति, आधारभूत सुविधाएं एवं शिक्षकों की उपलब्धता से संबंधित विस्तृत जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान मॉडल कॉलेज बिरनी को लेकर सकारात्मक पहल सामने आई।

विधायक नागेन्द्र महतो एवं उपायुक्त राम निवास यादव ने कहा कि कॉलेज को अगले शैक्षणिक सत्र से शुरू कराने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। साथ ही, कॉलेज से जुड़े भूमि विवाद को जल्द सुलझाने के लिए अंचल अधिकारी (सीओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जिससे लंबे समय से लंबित यह परियोजना धरातल पर उतर सके। वहीं, पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बिरनी प्रखंड के बाराडीह एवं कपिलो पंचायतों में बंद पड़े बड़े जलमीनारों (पानी टंकियों) को शीघ्र चालू करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि इन योजनाओं के पुनः चालू होने से क्षेत्र के लोगों को नियमित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। गिरिडीह उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को जल्द दूर करने तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया। मौके पर बिरनी बीडीओ, सीओ सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इस निरीक्षण से क्षेत्र में शिक्षा एवं पेयजल व्यवस्था को लेकर नई उम्मीद जगी है, खासकर मॉडल कॉलेज बिरनी के जल्द शुरू होने की संभावना से स्थानीय युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है।













