गिरिडीह जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने को लेकर उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, खनन इंस्पेक्टर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और खनन कार्य पूरी तरह नियमों के अनुरूप संचालित होना चाहिए, ताकि सरकार को राजस्व की हानि न हो।

उपायुक्त ने अधिकारियों को खनन क्षेत्रों में नियमित छापेमारी अभियान चलाने तथा अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर विशेष निगरानी रखने, चेक पोस्ट पर वाहनों की नियमित जांच करने और ओवरलोडिंग व बिना चालान खनिज परिवहन करने वाले वाहनों को जब्त करने पर जोर दिया गया। साथ ही रात में पेट्रोलिंग बढ़ाने और सभी अंचल अधिकारियों को अपने क्षेत्र में खनन गतिविधियों की लगातार मॉनिटरिंग कर अनियमितता मिलने पर तत्काल रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि विभागों के बीच समन्वय के साथ कार्रवाई कर जिले में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाएगा।











