गिरिडीह। गिरिडीह-टुंडी रोड स्थित उदणावाद में आयोजित होने वाले श्री श्री 1008 श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ सह राधा-कृष्ण प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ को लेकर शनिवार को कार्यक्रम स्थल पर विधिवत ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में स्थानीय श्रद्धालु, ग्रामीण एवं यज्ञ समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे। धार्मिक वातावरण और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न हुआ।यज्ञ समिति की ओर से बताया गया कि यह विराट धार्मिक आयोजन आगामी 8 अप्रैल से जल यात्रा के साथ प्रारंभ होगा। 15 अप्रैल को राधा-कृष्ण प्राण प्रतिष्ठा तथा 16 अप्रैल को हवन पूर्णाहुति एवं भव्य भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। नौ दिनों तक चलने वाले इस यज्ञ में वृंदावन से पधारे कथावाचकों द्वारा श्रीमद्भागवत कथा एवं भगवान की लीलाओं का वाचन किया जाएगा।

ध्वजारोहण कार्यक्रम यज्ञ के आचार्य पंडित जितेंद्र उपाध्याय की उपस्थिति और देखरेख में संपन्न हुआ। मौके पर यज्ञ अध्यक्ष विनय सिन्हा, संरक्षक दिलीप उपाध्याय, संयोजक भिखारी मास्टर, व्यवस्थापक दीपक पंडित, कोषाध्यक्ष नरेश यादव, उपाध्यक्ष जगदीश वर्मा, दीपक उपाध्याय, शिवशंकर उपाध्याय, अनूप सिन्हा, डॉ. उपेंद्र वर्मा, राजेंद्र यादव, चन्द्रदेव वर्मा, गिरजा वर्मा, सुजीत साव, रतन वर्मा, मुख्य यजमान दिग्विजय उपाध्याय, मनोज वर्मा, मंजू यादव सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।.

आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और समिति द्वारा इसे भव्य एवं सफल बनाने की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।











