Aba News

सड़क हादसे में सात वर्षीय मासूम की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

गिरिडीह। जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुआ-खोरीमहुआ मुख्य मार्ग पर करिहारी के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सात वर्षीय मासूम की मौत हो गई। मृतक की पहचान करिहारी निवासी रवि यादव के पुत्र गोलू कुमार के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोलू कुमार सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार बुलेट बाइक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को वापस घर लाया गया, जहां परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रो कर बुरा हाल है।

घटना से आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोगों ने जमुआ-खोरीमहुआ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। सड़क जाम के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास किया। काफी देर तक वार्ता के बाद पुलिस के आश्वासन पर आक्रोशित लोगों ने जाम हटा लिया, जिससे यातायात सामान्य हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें