गिरिडीह जिलेभर में ईद का त्योहार पूरे उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही बुजुर्ग, युवा और बच्चे नए परिधानों में सजकर बरवाडीह स्थित ईदगाह, मोहनपुर ईदगाह समेत विभिन्न इबादतगाहों में पहुंचे, जहां नमाज अदा कर लोगों ने खुदा से देश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।


इस मौके पर राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद बोडो ईदगाह पहुंचे और नमाज अदा कर समाज में शांति एवं सौहार्द की कामना की। नमाज के उपरांत उन्होंने लोगों से मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं तथा अपने करीबियों के यहां पारंपरिक सेवइयों का स्वाद लिया। बच्चों में खास उत्साह देखने को मिला।

वहीं, ईद को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गिरिडीह पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।












