गिरिडीह रमजान के आखिरी जुम्मे ‘अलविदा जुम्मा’ के अवसर पर जिले भर की मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तेज धूप के बावजूद रोजेदारों में खास उत्साह देखने को मिला। शहर की स्टेशन रोड स्थित लाइन मस्जिद में अधिक भीड़ होने के कारण कई नमाजियों ने सड़क पर ही नमाज अदा की। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने पूरे अकीदत और श्रद्धा के साथ इबादत में हिस्सा लिया तथा दुनिया भर में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी।

नमाज को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते, डीएसपी नीरज सिंह और नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। लाइन मस्जिद के अलावा भंडारीडीह, बरवाडीह, तेलोडीह, पचंबा, बुढ़ियाखाद, बिशनपुर, मुस्लिम बाजार, कोलडीहा सहित जिलेभर की मस्जिदों में अलविदा जुम्मा की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।












