गिरिडीह जिले की बेंगाबाद पुलिस ने बाइक चोरी कर बेचने वाले एक अपराधी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। आरोपी की पहचान गांडेय थाना क्षेत्र के शीतलाटांड निवासी साबिर अंसारी के रूप में हुई है। बुधवार को बेंगाबाद थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को चोरी की बाइक के साथ धर दबोचा। उन्होंने पुलिस टीम के कार्य की सराहना करते हुए रिवॉर्ड की अनुशंसा करने की बात कही।
एसडीपीओ ने बताया कि 15 मार्च को दिघरियाखुर्द निवासी बुधुलाल चौड़े की बाइक चोरी की शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुटी थी। 17 मार्च को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने चोरी की कई घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद बहादुरपुर से बिना नंबर प्लेट की दो होंडा शाइन बाइक बरामद की गईं। आरोपी चोरी की बाइक कागजात बाद में देने का झांसा देकर बेच देता था। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।












