गिरिडीह – जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत रोड हरलाडीह गांव में गुरुवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। गांव निवासी 55 वर्षीय चारा बश्के ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार, चारा बश्के के बेटे बबलू बश्के का तीन दिन पूर्व सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके बाद उसका इलाज धनबाद के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
बताया गया कि बबलू बश्के कोमा में है और इलाज में लगातार भारी खर्च आ रहा था। कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण चारा बश्के इलाज के लिए पैसों की व्यवस्था नहीं कर पा रहे थे, जिससे वे मानसिक तनाव में थे। इसी तनाव के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। सूचना पर पीरटांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।












