गिरिडीह में साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 10 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार को प्रतिबिम्ब पोर्टल से सूचना मिली कि बेंगाबाद थाना क्षेत्र के महदैया और शहरपुरा गांव में साइबर अपराधी फोन के जरिए लोगों को ठग रहे हैं। सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी आबिद खॉ के नेतृत्व में गठित टीम ने महदैया गांव में छापेमारी कर दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी RTO चालान और श्रीराम फाइनेंस के नाम से APK फाइल भेजकर लोगों से चालान और EMI जमा कराने के बहाने ठगी करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों पंकज कुमार मंडल और राजेंद्र कुमार उर्फ राजू अंसारी के पास से तीन मोबाइल और पांच सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। दोनों के खिलाफ साइबर थाना कांड संख्या 01/2026 दर्ज किया गया है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आए हैं। पुलिस ने लोगों से फर्जी लिंक और कॉल से सतर्क रहने की अपील की है।












