गिरिडीह नगर निगम ने होल्डिंग टैक्स बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। उपनगर आयुक्त प्रशांत लायक ने अपने कार्यालय में राजस्व टीम और प्राइवेट एजेंसियों के कर्मियों के साथ बैठक कर उन बकायेदारों की लिस्ट तैयार की, जो बार-बार नोटिस मिलने के बावजूद टैक्स जमा नहीं कर रहे हैं। निगम के पास लगभग 7 करोड़ रुपए का बकाया था, जिसमें 4 करोड़ 70 लाख रुपए की वसूली की जा चुकी है। हालांकि, अभी भी 2 करोड़ से अधिक का बकाया बाकी है, जिनमें 100 से अधिक बकायेदार शामिल हैं।

उपनगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी बकायदारों को तीन बार नोटिस भेजा जा चुका है और अब 31 मार्च तक बकाया राशि जमा करना अनिवार्य है। अगर समय सीमा तक बकाया राशि जमा नहीं होती है, तो निगम उनके बैंक खाते को सीज कर देगा और संपत्ति सील करने की प्रक्रिया भी शुरू करेगा। बैठक में चंदन कुमार, लेखपाल राजेश सिन्हा, राजेश वर्मा, कपिल मोदी, बीरेंद्र वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।












