गिरिडीह मुफ्फसिल थाना पुलिस ने अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीसीएल कोलियरी क्षेत्र के कबरीबाद में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 15 टन से अधिक अवैध रूप से डंप किया गया कोयला बरामद किया, साथ ही कोयला ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही 10 से 15 दोपहिया वाहनों को जब्त किया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो ने बताया कि लगातार अवैध कोयला तस्करी की सूचनाएं मिल रही थीं, जिसके बाद यह छापेमारी की गई। उन्होंने कहा कि अवैध ढुलाई में प्रयुक्त वाहनों को क्षतिग्रस्त कर कोयले को जब्त किया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि अवैध कोयला तस्करी नहीं रुकी तो आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस पहल से क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।












